पंजाबः तेज रफ्तार स्विफ्ट चालक डॉक्टर ने बोलेरो को मारी टक्कर, 5 घायल

पंजाबः तेज रफ्तार स्विफ्ट चालक डॉक्टर ने बोलेरो को मारी टक्कर, 5 घायल

मोहालीः फेज 9-10 के लाइट प्वाइंट पर देर रात 2 बजे एक भीषण सड़क हादसा होने का मामला सामने आया। जहां तेज रफ्तार स्विफ्ट चालक डॉक्टर ने बोलेरो को टक्कर मारी। इस हादसे में 5 लोग घायल हुए है। ग़नीमत रही कि इसमें किसी की जान नहीं गई। मिली जानकारी के मुताबिक डॉक्टर शराब के नशे में था और वह तेज रफ्तार में स्विफ्ट कार चला रहा था। इस दौरान डॉक्टर ने रेड लाइट जंप कर एक बोलेरो को जबरदस्त टक्कर मार दी। बोलेरो में 5 लोग सवार थे और सभी घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो एक बोर्ड को तोड़ती हुई आगे दीवार के साथ जा लगी। वहीं स्विफ्ट कार का बोनेट भी टूट गया। स्विफ्ट चालक डॉक्टर मौके पर क्षतिग्रस्त कार छोड़ भाग गया। स्थानीय पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच घटनास्थल का जायजा लिया और दोनों गाड़ियों को कब्जे में ले लिया है। कार में से एक स्टेथोस्कोप मिला है और पहचान पत्र भी मिला है जिससे पता चला है कि कार चालक डॉक्टर है। 

जानकारी के मुताबिक कार में शराब की बोतल भी मिली है। वहीं कार में से डॉक्टरी की किताबें भी मिली हैं। कार और इसका सारा सामान पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक कार चालक होम्योपैथिक क्लिनिक चलाता है। उसका पहचान पत्र भी कार से मिला है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। दुर्घटना में बेलेरो कार आगे से क्षतिग्रस्त हो गई। हरियाणा नंबर की बोलेरो गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह टूट गया है। वहीं चंडीगढ़ नंबर की स्विफ्ट कार भी आगे से टूट गई है। उस पर लर्निंग का 'L' साइन लिखा हुआ है। बोलेरो कार सवार सेक्टर 47, चंडीगढ़ निवासी गुरजोत सिंह सिद्धू के नाक और आंख के ऊपर चोटें आई हैं।

वहीं शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट लगी है। उसने बताया कि वह बोलेरो में सेक्टर 66 की तरफ से आ रहा था। वहीं कार चालक फेज 11 की मार्किट की तरफ से आ रहा था। गुरजोत के मुताबिक स्विफ्ट कार चालक ने काफी शराब पी हुई थी। वहीं उसकी कार की रफ्तार भी काफी ज्यादा थी जो 100 से ऊपर थी। उसने रेड लाइट जंप कर उनकी बोलेरो को जोरदार टक्कर मारी। गुरजोत ने कहा कि उसके साथ बोलेरो में 4 और युवक थे। सभी के चोटें आई हैं। गुरजोत ने कहा कि गाड़ी के नीचे उनका एक दोस्त दब गया था जिसे उन्होंने मिल कर निकाला। इतने में कार चालक मौके पर कार को छोड़ भाग गया।