पेड़ से लटकती मिली लड़का-लड़की की लाश, जांच में जुटी पुलिस 

पेड़ से लटकती मिली लड़का-लड़की की लाश, जांच में जुटी पुलिस 

चंडीगढ़ः सारंगपुर के बॉटनिकल गार्डन के सामने जंगली क्षेत्र में आज शाम एक लड़के और लड़की की लाश पेड़ से लटकती मिली। पुलिस को किसी राहगीर ने घटना की सूचना दी। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों लाशों को नीचे उतार पोस्टमॉर्टम के लिए हॉस्पिटल में रखवा दिया है। दूसरी ओर मोबाइल फोरेंसिक टीम ने मौके से सैंपल लिए। पुलिस ने बताया दोनों मृतक सारंगपुर के रहने वाले हैं। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि यह आत्महत्या का मामला है या किसी ने मार कर दोनों को ऊपर लटकाया। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम के बाद ही हो सकेगा। सारंगपुर थाना पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

वहीं मामला प्रेम प्रसंग और ऑनर किलिंग का भी प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस इस सारी घटना की जांच में लगी है। दोनों मृतकों के परिजन मौके पर पहुंचे और शवों की पहचान की। घटनास्थल पर पहुंचे डीएसपी गुरमुख सिंह ने बताया कि जानकारी मिली थी कि बॉटनिकल गार्डन के पास एक लड़के और लड़की की 'हैंगिग' की सूचना मिली थी। घटनास्थल की वीडियोग्राफी करवाई गई है। उन्होंने कहा कि दोनों मृतक सारंगपुर के रहने वाले हैं। पुलिस मामले की कार्रवाई में लगी हुई है।

पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज करने में लगी है। डीएसपी ने बताया कि मृतक युवक 24 से 25 साल का प्रतीत हो रहा है। वहीं मृतका की उम्र कम है। मृतका के परिवार के एक जानकारी युवक ने बताया कि मृतक युवक मृतका को 2 दिन पहले लेकर फरार हो गया था। मृतका प्राइवेट नौकरी करती थी। वहीं मृतक युवक शादीशुदा बताया जा रहा है। हालांकि अभी ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है।