बड़ी खबरः पूर्व मंत्री पार्टी को कर सकते है अलविदा 

बड़ी खबरः पूर्व मंत्री पार्टी को कर सकते है अलविदा 

टोहानाः जननायक जनता पार्टी (JJP) की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही। पिछले कुछ दिनों से लगातार नेता पार्टी छोड़कर अन्य पार्टियों में शामिल हो रहे है। वहीं अब हरियाणा के पूर्व पंचायत मंत्री और जननायक जनता पार्टी (JJP) के विधायक देवेंद्र बबली ने पार्टी छोड़ने के संकेत दिए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म (X) पर 8 लाइन की शायरी लिखी है। इसे लेकर उनके जजपा को अलविदा कहने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। बबली ने X पर लिखा- "जो तुझ से लिपटी बेड़ियां, समझ न इनको वस्त्र तू। ये बेड़ियां पिघाल के, बना ले इनको शस्त्र तू। तू खुद की खोज में निकल, तू किस लिए हताश है। तू चल तेरे वजूद की समय को भी तलाश है।"

वर्ष 2019 में हुए विधानसभा चुनाव में टोहाना विधानसभा से कांग्रेस की टिकट न मिलने के बाद देवेंद्र बबली ने जजपा की टिकट पर चुनाव लड़ा था। उस दौरान एक लाख से भी ज्यादा वोट पाकर उन्होंने तत्कालीन भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला को करारी शिकस्त दी थी। बाद में जजपा कोटे से उन्हें दिसंबर 2021 में विकास एवं पंचायत मंत्री बनाया गया था। अगर देवेंद्र बबली JJP को अलविदा कहते हैं तो पार्टी को फतेहाबाद जिले में यह दूसरा झटका होगा। इससे पहले बबली के ही विधानसभा क्षेत्र टोहाना से आने वाले प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह इस्तीफा दे चुके हैं।

करीब डेढ़ महीने पहले भाजपा से गठबंधन टूटने के बाद जजपा के 5 विधायक बागी हैं, इनमें पूर्व पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली का भी नाम शामिल है। गठबंधन टूटने के बाद सीएम नायब सैनी ने विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने के लिए विशेष सत्र बुलाया था, इस सत्र के लिए जजपा की ओर से पार्टी के विधायकों के लिए व्हिप जारी किया था, इस व्हिप में लिखा था कि कोई भी विधायक इस सेशन में भाग नहीं लेगा, लेकिन फिर कुछ विधायक सत्र में पहुंचे थे। इनमें बबली भी थे। इससे पहले बबली नए मुख्यमंत्री नायब सैनी के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल होने के लिए पहुंचे थे।