पंजाब: इस इलाके में चली गोली, व्यापारी घायल

पंजाब: इस इलाके में चली गोली, व्यापारी घायल

लुधियानाः जगरांव में शनिवार को एक व्यापारी को गोली लगने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक घायल व्यापारी मनोज कुमार को गैंगस्टर्स से धमकी मिल चुकी है। ऐसे में एकदम अफवाह फैल गई कि व्यापारी को गैंगस्टर्स ने गोली मार दी। हालांकि बाद में खुद व्यापारी ने साफ कर दिया कि गोली उन्हीं की पिस्तौल से चली है। घटना सुबह करीब नौ बजे की है। दुकान पर जाते समय पिस्तौल व्यापारी मनोज कुमार के हाथ से नीचे गिर गया और गोली चल गई। मनोज कुमार ने बताया कि उन्हें तीन चार मिनट के बाद पता चला कि गोली उनकी टांग में लगी है। उन्होंने अफवाहों पर विराम लगाते हुए मनोज कुमार ने कहा कि गोली उनकी गलती से चली क्योंकि पिस्तौल उनके हाथ से नीचे गिर गया था।

उन्होंने अस्पताल में थाना सिटी के सब इंस्पेक्टर रामधीन को अपने बयान दे दिए हैं। शहर की नेहरू मार्किट के होलसेल व्यापारी संत राम विजय कुमार के बेटे मनोज कुमार को गैंगस्टर्स द्वारा फिरौती की धमकी मिल चुकी है। लुधियाना ग्रामीण पुलिस ने उन्हें सुरक्षाकर्मी दे रखे हैं। यही वजह रही कि उनके पिस्तौल से चली गोली की घटना के बाद पूरे शहर में अफवाह फैल गई कि गैंगस्टर्स ने उन्हें गोली मार दी। लोग बड़ी गिनती में उनके घर और दुकान पर घटना का पता करने पहुंचने लगे। अस्पताल में भी शहर वासियों का तांता लग गया। सब इंस्पेक्टर रामधीन ने मनोज कुमार के बयान कलमबंद करके कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।