भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस की झूठी गारंटियों के खिलाफ 11 दिसंबर को करेगी धरना प्रदर्शन: विनय शर्मा

भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस की झूठी गारंटियों के खिलाफ 11 दिसंबर को करेगी धरना प्रदर्शन: विनय शर्मा
ऊना/सुशील पंडित: भारतीय जनता पार्टी जिला ऊना कांग्रेस की झूठी गारंटियों, बिगड़ती कानून व्यवस्था व शिक्षण संस्थान के बंद करने के खिलाफ 11 दिसंबर को धरना प्रदर्शन करेगी। जिला भजापा के प्रवक्ता विनय शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह 10 बजे एमसी पार्क ऊना के  काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एकत्रित होकर धरना प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे। विनय शर्मा ने बताया कि प्रदर्शन में मुख्य वक्ता के रूप में राज्य सभा सांसद इंदु गोस्वामी रहेंगी। इसके अलावा ऊना सदर के विधायक व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर, जिला भाजपा अध्यक्ष बलवीर चौधरी, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता प्रो. राम कुमार, भाजपा प्रदेश सचिव व पूर्व विधायक राजेश ठाकुर उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थिति दर्ज करवाकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ हल्ला बोलेंगे। जिला प्रवक्ता विनय शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरी तरह से निराशाजनक रहा है। एक वर्ष में प्रदेश की जनता को नाकामियों व विफलताओं के अलावा कुछ हासिल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सत्ता हासिल करने के लिए जनता से झूठे वायदे किए और झूठी गारंटियों के दम पर सत्ता पर काबिज हुए। प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपना एक वर्ष का कार्यकाल पूरा करने वाली है, लेकिन जनता को गारंटी के नाम पर केवल विश्वासघात मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा इसे काले दिवस के रूप में मनाएगी और समस्त कार्यकर्ताओं के साथ जिला मुख्यालय पर कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी।