पंजाबः लोगों पर तेज रफ्तार कैंटर चढ़ने से एक की मौ'त, कई घायल

पंजाबः लोगों पर तेज रफ्तार कैंटर चढ़ने से एक की मौ'त, कई घायल

लुधियानाः खन्ना शहर में नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कैंटर चालक ने कई लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि कई लोगों घायल हो गए। मिली जानकारी के मुताबिक हादसे में घायल 5 से 6 लोग घायल हुए है, जिन्हें उपचार के लिए खन्ना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। कैंटर की तस्वीर राहगीरों ने खींची। पुलिस ने इस फोटो की मदद से आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, राजपुरा की 65 वर्षीय महिला राज कौर अपने पति के साथ बस में सवार होकर खन्ना पहुंची। उनके साथ 10 साल का बच्चा भी था। बस को खन्ना के पुराने बस अड्डे के पास नेशनल हाईवे पर रोका गया और यात्रियों को उतारा जा रहा था। बस के पीछे मोटरसाइकिल सवार दो युवक आ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कैंटर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए पहले मोटरसाइकिल सवार युवकों को टक्कर मारी। तभी नेशनल हाईवे के किनारे खड़े लोगों को चपेट में लिया। बुजुर्ग महिला राज कौर की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके का फायदा उठाकर कैंटर चालक भाग निकला।

घायल युवक ने बताया कि पहले तो बस चालकों ने गलती की। बस को नेशनल हाईवे पर रोका गया था। जब यात्री बस से उतर रहे थे तो कैंटर चालक ने लापरवाही से लोगों को चपेट में ले लिया। इससे पहले कंटेनर ने उन्हें भी टक्कर मारी। बचाव रहा कि कैंटर का टायर उसके सिर के पास से गुजर गया। हादसे के बाद हंगामा मच गया और लोग जमा हो गए। इसका फायदा उठाकर कैंटर चालक मौके से भाग निकला। पुलिस द्वारा हादसे की जांच शुरू कर दी गई। सिटी थाना 2 के एसएचओ गुरमीत सिंह ने बताया कि राज कौर की मौत हो गई है। घायलों का इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है। कैंटर चालक की तलाश की जा रही है। उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।