चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वरिष्ठ पत्रकार ओ.पी. शर्मा के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि वरिष्ठ पत्रकार ओम प्रकाश शर्मा (ओ.पी. शर्मा) के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। उनके निधन से पत्रकारिता जगत ने एक अनुभवी, कर्मठ और समर्पित शख्सियत को खो दिया है।
उनका असामयिक निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। स्वर्गीय ओ.पी. शर्मा हिसार जिला के धांसू गांव के रहने वाले थे। हिसार में पत्रकारिता करने के बाद इन दिनों वो चंडीगढ़ में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की पत्रकारिता कर रहे थे।
सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ आदित्य दहिया ने भी वरिष्ठ पत्रकार ओ.पी. शर्मा के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उनके निधन की सूचना अत्यंत दुखद और मन को व्यथित करने वाली है। उनके जाने से पत्रकारिता जगत ने एक अनुभवी और कर्मठ पत्रकार के साथ-साथ एक हंसमुख एवं मिलनसार साथी को भी खो दिया है।
