चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी भोपाल सिंह खदरी ने शुक्रवार को उद्योग, एचएसआईआईडीसी, सहकारिता, हैफेड, हरको बैंक तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग सहित विभिन्न विभागों की सीएम विंडो एवं जनसंवाद पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें।
खदरी ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं सीएम विंडो एवं जनसंवाद पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सरकार का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान कर उन्हें सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध करवाना है। इसी उद्देश्य से सीएम विंडो और जनसंवाद जैसे प्रभावी माध्यम स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पहले चरण की बैठकों में विभिन्न विभागों की लंबे समय से लंबित शिकायतों के निपटारे पर विशेष ध्यान दिया गया था, जबकि दूसरे चरण की बैठकों में नई प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की जाएगी। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में भी सीएम विंडो एवं जनसंवाद से संबंधित मामलों की समीक्षा की जाएगी।
सहकारिता विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (पैक्स) में मुख्यालय की पूर्व अनुमति के बिना किसी भी कर्मचारी की नियुक्ति नहीं की जा सकेगी। इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। वहीं, गबन के एक मामले में संबंधित मैनेजर को निलंबित कर दिया गया है तथा गबन की राशि की वसूली के आदेश भी जारी किए गए हैं।
