जयपुरः पूर्णिमा यूनिवर्सिटी की छठी मंजिल से एक छात्रा द्वारा कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। जिसकी सोशल मीडिया पर सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रही है। प्रशासन ने यूनिवर्सिटी पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वीडियो में छात्रा छत की छठी मंजिल पर बिल्कुल किनारे बैठी नजर आ रही है।
पूर्णिमा यूनिवर्सिटी की छठी मंजिल से कूदने वाली छात्रा की पहचान यशस्वी रोहिला के रूप में हुई है, जो MBA सेकंड ईयर की स्टूडेंट है। बताया जाता है कि यशस्वी जयपुर के गुर्जर की थड़ी इलाके के प्रेम नगर की रहने वाली है। शिवदासपुरा थाना की पुलिस मौके पर जांच में जुटी है। ASI दयाराम गुर्जर ने बताया कि छात्रा को इलाज के महात्मा गांधी हॉस्पिटल में भेजा गया था, जहां उसकी मौत हो गई।
बताया गया कि घटना सुबह करीब 10 बजे की है। गिरने के बाद गंभीर हालत में छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छात्रों ने यशस्वी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। आज MBA मिड सेमेस्टर का एग्जाम था, लेकिन वह परीक्षा भी देने नहीं गई थी। यशस्वी के सीढ़ियों से ऊपर जाने का एक दूसरा सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वो बड़ी तेजी से छत की ओर से जाते नजर आ रही है।
छात्रा के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। छात्रा मां के साथ रहती थी। पुलिस ने मोबाइल और बैग कब्जे में लेकर जांच शुरू दी है।
