नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को कहा कि एक नवंबर को रामलीला मैदान में ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली के मद्देनजर दिल्ली के कई इलाकों में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक यातायात पाबंदियां लागू रहेंगी। दिल्ली यातायात पुलिस के अनुसार, मध्य दिल्ली के प्रमुख चौराहों पर यातायात को स्थिति के अनुसार दूसरे मार्गों पर भेजा जाएगा। इनमें नेताजी सुभाष मार्ग टी-प्वाइंट, राजघाट, दिल्ली गेट, आईटीओ ए-प्वाइंट, अजमेरी गेट लालबत्ती, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, झंडेवालान गोलचक्कर, तुर्कमान गेट और मीरदर्द चौक शामिल हैं। यातायात पुलिस ने बताया कि आईटीओ से दिल्ली गेट के बीच बहादुर शाह जफर मार्ग, राजघाट से अजमेरी गेट के बीच जवाहरलाल नेहरू मार्ग, अरुणा आसफ अली रोड, मिंटो रोड, देशबंधु गुप्ता रोड और बाराखंभा रोड पर जाम लगने की आशंका है।
उसने कहा कि कमला मार्केट और हमदर्द चौक के आसपास के मार्गों पर भी यातायात प्रभावित हो सकता है। रैली स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए मध्य रेंज में अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। वे वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने, यात्रियों को निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंचने में मार्गदर्शन देने और जाम रोकने का काम करेंगे। पुलिस के अनुसार, लोकनायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल के पास आपातकालीन वाहनों के लिए अलग रास्ते की व्यवस्था की जाएगी। पार्किंग की व्यवस्था अस्पताल के सामने रेलवे पार्किंग क्षेत्र, दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के पार्किंग स्थलों और राजघाट पर की गई है। यातायात पुलिस ने कहा कि बहादुर शाह जफर मार्ग, राजघाट-जेएलएन मार्ग, डीबीजी रोड और मिंटो रोड पर बसों की आवाजाही भी नियंत्रित की जा सकती है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की सलाह दी गई है।
डीबीजी रोड की ओर से स्टेशन जाने वाले यात्री चेल्म्सफोर्ड रोड, कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल, मिंटो रोड और भवभूति मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं। पूर्वी दिल्ली से आने वाले यात्री आईटीओ, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग और भवभूति मार्ग के रास्ते स्टेशन पहुंच सकते हैं। ‘इंडिया’ गठबंधन ने ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली आयोजित करने की योजना बनाई है। गठबंधन ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की है।
