चंडीगढ़: पंजाब की मंडियों में सरकारी एजेंसियों द्वारा धान की कुल खरीद 101.96 लाख मीट्रिक टन (एलएमटी) से अधिक हो गई है, जो राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इसके साथ ही 4.71 लाख किसानों के बैंक खातों में 20,713.24 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा करवाई जा चुकी है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने राज्य में चल रहे धान खरीद सीजन की समीक्षा के लिए बुलाई गई बैठक के दौरान दी। उन्होंने बताया कि अब तक 70 लाख मीट्रिक टन धान का उठान हो चुका है, जो 72 घंटे के चक्र के हिसाब से लगभग 86 प्रतिशत है।

खरीद प्रक्रिया को सुचारु ढंग से संपन्न करने के लिए राज्य में 2,500 से अधिक मंडियां चालू हैं और किसानों की फसल 2,461 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी जा रही है। कटारूचक्क ने आगे कहा कि राज्य सरकार धान खरीद के लिए निर्धारित 180 लाख मीट्रिक टन के लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर लेगी।
मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि बाहरी राज्यों का धान पंजाब की मंडियों में न बिके। उन्होंने कृषि क्षेत्र के हितों की रक्षा के लिए इस संबंध में कड़ी निगरानी रखने पर जोर दिया।
