जालंधर (Ens): मेहरचंद पॉलिटेक्निक कॉलेज में भरोसा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सेव अर्थ सोसाइटी के द्वारा लगाया गया। शिविर कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. जगरुप सिंह की अध्यक्षता और सोसाइटी के अध्यक्ष और विभाग के अध्यक्ष डॉ. संजय बंसल के मार्गदर्शन में खत्म हुआ। सोसाइटी की उपाध्यक्ष मीना बंसल ने बताया कि यह शिविर हर सेमेस्टर में होता है। इसका मुख्य उद्देश्य पढ़ाई और बाकी एक्टिविटीज में पीछे रहने वाले विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाना और उनको जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था।

इस उद्देश्य के साथ समाज के अलग-अलग क्षेत्रों से प्रेरणादायक हस्तियों को आमंत्रित भी किया गया था। इस बार डी.ए.वी कॉलेज की संस्कृत विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर रितु तलवार और कॉलेज के पूर्व विद्यार्थी और योग साधक अभिषेक मेहरा मुख्य वक्ता के तौर पर शामिल हुए। प्रिंसिपल डॉ. जगरुप सिंह ने इस दौरान कहा कि इस शिविर के जरिए से हम विद्यार्थियों को यह विश्वास दिलवाते हैं कि हमें आप सभी पर पूरा भरोसा है और हमें पूरा यह यकीन है कि आप जीवन में सफलता हासिल करते हुए नई बुलंदियों को छू सकेंगे।
प्रोफेसर रितु तलवार ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी जीवन में कई बड़े बदलाव लेकर आ सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को एक-दूसरे का साथ देने, माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करने और पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस पॉजिटिव सोच और निरंतर मेहनत से सफलता जरुर मिलती है। विद्यार्थियों का तनाव कम करने के लिए अभिषेक मेहरा और डॉ. सोनिया सूद ने अलग-अलग योग क्रियाओं और प्राणायाम का अभ्यास करवाया।

ओम का उच्चारण, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और भस्त्रिका जैसे प्राणायाम विद्यार्थियों को करवाए गए। सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. संजय बंसल ने बताया कि योग और प्राणायाम के जरिए शरीर और मन शांत होता है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई में एकाग्रता भी बढ़ती है। प्रिंसिपल डॉ. जगरुप सिंह ने मुख्य अतिथियों को स्मृति चिह्न भी भेंट किया। कार्यक्रम के दौरान मंच का संचालन मीना बंसल और प्रतिभा ने किया। इसके बाद डॉ. संजय बंसल ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। प्रिंसिपल डॉ. जगरुप सिंह ने इस सफल आयोजन के लिए डॉ. संजय बंसल और उनकी पूरी टीम की सराहना की।
शिविर में करीबन 130 विद्यार्थियों से हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने अपने फीडबैक में इस शिविर को अपने लिए अत्यंत फायदेमंद बताया। इस मौके पर अभिषेक शर्मा, मैडम प्रतिभा, रिया, अंजू, वैष्णवी, रेनू और अर्पणा मौजूद थी।
