पंचकूलाः हरियाणा में संगठित अपराध और गैंगस्टरों के नेटवर्क के खिलाफ एसटीएफ अंबाला की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के तार गैंग से जुड़ी आपराधिक गतिविधियों से जुड़े होने का आरोप है। एक आरोपी पंचकूला के गांव मौली का रहने वाला है, जबकि दूसरा उत्तर प्रदेश का निवासी है और फिलहाल करनाल में किराए पर रह रहा था।
एसटीएफ ने 26 अक्टूबर को गांव मौली निवासी रेशव उर्फ सुदामा पुत्र वेदपाल को गांव मौली के राजस्व क्षेत्र से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से .32 बोर का एक अवैध देसी पिस्तौल, 4 कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर त्रिशूल गैंग के लिए अवैध हथियार सप्लाई करने और फायरिंग की वारदातों में शामिल होने की बात बताई है। यह गैंग कथित तौर पर गैंगस्टर और शूटर समाना से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
आरोपी के खिलाफ थाना रायपुररानी में FIR नंबर 136, दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को बीएनएस की धारा 111(3), 111(4) और आर्म्स एक्ट की धारा 25(6) के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसटीएफ अंबाला ने दूसरी कार्रवाई में 29 अक्टूबर को साहिल पुत्र आजाद को करनाल जिले के गांव समाना बाहू के राजस्व क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से गांव मिर्जापुर, विंध्याचल, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और फिलहाल गांव समाना बाहू में किराए पर रह रहा था। उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
एसटीएफ के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में साहिल ने कथित तौर पर विदेश से संचालित होने वाले एक गैंग के लिए ओवरग्राउंड वर्कर (OGW) के रूप में काम करने की बात बताई है। उस पर रामपाल आश्रम में आग लगने की घटना से संबंधित पोस्ट इंस्टाग्राम पर अपलोड करने का भी आरोप है। जांच में यह आशंका भी सामने आई है कि आरोपी गैंग के सदस्यों के लिए हथियार और गोला-बारूद की व्यवस्था करने तथा उनकी सप्लाई में भूमिका निभा रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि रेशव उर्फ सुदामा के खिलाफ पहले भी चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इनमें आर्म्स एक्ट, SC/ST एक्ट और मारपीट से संबंधित मामले शामिल हैं। एसटीएफ दोनों आरोपियों से जुड़े आपराधिक नेटवर्क की जांच कर रही है। रेशव से अवैध हथियारों के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है, जबकि साहिल के जरिए गैंग के अन्य सदस्यों और हथियारों की सप्लाई चेन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। एसटीएफ अंबाला की दोनों गिरफ्तारियों के बाद अब जांच एजेंसी गैंग से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और उनके संभावित आपराधिक संबंधों का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है।
