भारी मात्रा में दवाईयों का जखीरा किया बरामद
जीरकपुरः जिले में प्रतिबंधित दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक मकान में रेड की गई। दरअसल, रामगढ़ भुड्डा इलाके में एक किराये के मकान के अंदर बिना किसी सरकारी मंजूरी के बड़े स्तर पर दवाइयां बनाने का अवैध कारोबार चलाया जा रहा था। एंटी नारकोटिक्स सेल और फूड एंड ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां, नशे के लिए इस्तेमाल की जाने वाली दवाइयां और स्टेरॉयड बरामद किए हैं।
मौके से एक कारिंदे को गिरफ्तार भी किया गया है। जांच के दौरान सामने आया कि किराये के मकान में बेखौफ होकर इस अवैध कारोबार को अंजाम दिया जा रहा था। बताया जा रहा है कि यहां तैयार की जाने वाली दवाइयों को ज्यादातर ऑनलाइन माध्यम से बेचा जाता था, ताकि किसी को इस अवैध धंधे की भनक तक न लग सके।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, छापेमारी और मामले की जांच अभी जारी है। जांच टीम का मुख्य फोकस इस अवैध फैक्टरी के मास्टरमाइंड, सप्लाई चेन और ऑनलाइन बिक्री से जुड़े लोगों तक पहुंचना है। आशंका जताई जा रही है कि इस कार्रवाई के बाद प्रतिबंधित दवाइयों के अवैध कारोबार से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। आने वाले दिनों में इस मामले में कई और अहम खुलासे होने की संभावना है।
