अबोहर: मानसा के बहुचर्चित झोटा हत्याकांड मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने अबोहर के सीतो रोड स्थित विश्वास सुभाष मिढ़ा मेमोरियल नशा मुक्ति केंद्र पर छापेमारी की। कमांडो पुलिस के साथ पहुंची टीम ने देर रात जांच शुरू की, जो अगली सुबह करीब 10 बजे तक जारी रही। इस दौरान मरीजों को दी जाने वाली दवाओं के स्टॉक और वितरण से संबंधित अभिलेखों की जांच की गई।
जानकारी के मुताबिक टीम ने केंद्र पर पहुंचकर मुख्य गेट पर ताला लगा दिया और अभिलेखों को खंगाला। जांच के दौरान मौजूद पत्रकारों से सीबीआई अधिकारियों ने कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की। छापे के कारणों और जांच के नतीजों के बारे में आधिकारिक विवरण फिलहाल जारी नहीं किया गया है। थाना नंबर एक के अध्यक्ष परमजीत कुमार ने कहा कि उन्हें केंद्र के खिलाफ पहले कोई शिकायत नहीं मिली थी।
उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन के बारे में सीबीआई या किसी अन्य विभाग ने न तो स्थानीय पुलिस से संपर्क किया और न ही कोई पूछताछ की। उनके मुताबिक ये उच्च स्तरीय जांच का मामला है इसलिए वो ज्यादा जानकारी नहीं दे सकते। अबोहर मेडिकल एसोसिएशन ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि एसोसिएशन दवा बिक्री या किसी अन्य अवैध कारोबार में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी मेडिकल व्यवसायी का समर्थन नहीं करेगी।
