4 साल पहले हुई थी शादी, 8 माह पहले जिम ट्रेनर से बने संबंध
गाजियाबादः दिल्ली से सटे गाजियाबाद के वसुंधरा में पति पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पत्नी और जिम ट्रेनर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और उन्होंने कथित तौर पर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। हमले में गंभीर रूप से घायल पति की जान बच गई। बताया जा रहा हैकि पत्नी प्रिया शर्मा ने अपने जिम ट्रेनर प्रेमी प्रताप सिंह के साथ मिलकर पति शशांक कंथरिया को रास्ते से हटाने की साजिश रची। घटना 26 अक्टूबर की सुबह करीब 5:15 बजे जागृति RWA सोसायटी की बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, पत्नी के घर से निकलने के दौरान जिम ट्रेनर घर में घुसा और शशांक पर चाकू से कई वार कर दिए। शोर सुनकर पड़ोसियों के जागने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को यशोदा मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी जान बच गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जिम ट्रेनर और पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, झांसी के पुरानी पसरात इलाके के रहने वाले शशांक और प्रिया की शादी करीब 4 साल पहले हुई थी। दोनों दिल्ली में सीनियर अकाउंटेंट के तौर पर काम करते थे और वसुंधरा में रहते थे।
पुलिस ने बताया कि प्रिया की यह दूसरी शादी थी। जांच में सामने आया कि प्रताप सिंह फिटनेस हेडक्वार्टर जिम में ट्रेनर है। प्रिया पिछले 7-8 महीने से इसी जिम में जा रही थीं। इसी दौरान दोनों करीब आए और उनके बीच प्रेम संबंध बन गए। दोनों व्हाट्सऐप पर भी बातचीत करते थे। पुलिस के अनुसार, शशांक को दोनों के रिश्ते की जानकारी हो गई थी और वह दिवाली के बाद दूसरी जगह जाने की योजना बना रहा था। पुलिस का दावा है कि इसके बाद दोनों ने शशांक की हत्या की साजिश रची। 25 अक्टूबर को दोनों ने दौड़ने के दौरान मुलाकात कर इस बारे में चर्चा की थी। पुलिस के मुताबिक, अगले दिन प्रताप चाकू लेकर शशांक के घर पहुंचा। आरोप है कि प्रिया ने घर का गेट खुला छोड़ दिया था, जिससे प्रताप अंदर घुसकर हमला कर सका।
