चंडीगढ़/खन्ना: पंजाब के ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्र तरुनप्रीत सिंह सौंद ने आज मनरेगा कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि उनकी जायज मांगों पर विचार करके उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा, ताकि इन मांगों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

खन्ना में यूनियन प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात के दौरान सौंद ने उनकी समस्याओं और मांगों को ध्यानपूर्वक सुना तथा विश्वास दिलाया कि मान सरकार उनके लंबित मामलों का समय पर समाधान करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। कैबिनेट मंत्री ने मनरेगा, जिसे अब ‘वीबी जी राम जी’ के रूप में संदर्भित किया गया है, को लागू करने तथा जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं का सुचारु लाभ सुनिश्चित करने में मनरेगा कर्मचारियों द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार किया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने तथा प्रदेशभर के गांवों के लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। कैबिनेट मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आगे आश्वासन दिया कि बैठक के दौरान उठाए गए सभी मुद्दों की गहन समीक्षा की जाएगी और निर्धारित समय सीमा के भीतर उचित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के समक्ष मामला उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यावहारिक और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए नीतिगत निर्णयों अथवा वित्तीय प्रभाव वाले मुद्दों पर वित्त विभाग के साथ चर्चा की जाएगी।
