लंबीः मलोट-अबोहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव पक्की टिब्बी के निकट अंतरजिला नाके पर ड्यूटी कर रहे पंजाब पुलिस के सीनियर कांस्टेबल की तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से मौत हो गई। मृतक की पहचान चंदन पांडे (36) के रूप में हुई है। वह थाना कबरवाला में तैनात थे।
गत रात्रि करीब 10 बजे चंदन पांडे साथी पुलिस कर्मियों के साथ नाके पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मलोट की ओर से आई तेज रफ्तार पिकअप बैरिकेड पार कर उन्हें टक्कर मारते कुचल गई। हादसे के बाद चालक कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल कांस्टेबल को पहले सिविल अस्पताल मलोट और फिर आदेश अस्पताल भुच्चो ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उनके परिवार में माता, पत्नी, दो बच्चे और भाई हैं। घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
डीएसपी हरबंस सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल पिकअप बरामद कर ली गई है। बयानों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।