वाराणसीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भारतीय जनता पार्टी को विधान परिषद (MLC) चुनाव में बड़ा झटका लगा है। वाराणसी मंडल की दोनों विधान परिषद सीटों पर समाजवादी पार्टी (SP) ने अपना कब्जा बरकरार रखा है। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के लाल बिहारी यादव ने जीत दर्ज की, जबकि वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सपा के मौजूदा एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने भाजपा के उम्मीदवार केदारनाथ सिंह को हरा दिया।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में हार स्वीकार करते भाजपा उम्मीदवार केदारनाथ सिंह ने फेसबुक पर संदेश साझा किया। उन्होंने जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करने की बात कही। मतगणना जारी रहने के दौरान उनका यह संदेश सामने आया।
वाराणसी प्रधानमंत्री मोदी का संसदीय क्षेत्र होने के साथ-साथ भाजपा के प्रमुख राजनीतिक और वैचारिक केंद्रों में भी शामिल है। ऐसे में यहां विधान परिषद की दोनों सीटों पर हार पार्टी के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। भाजपा ने दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में प्रचार के लिए पूरी ताकत लगाई थी। अभियान में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की भी भागीदारी रही। इसके बावजूद दोनों सीटें गंवाने से स्थानीय संगठन और मतदाताओं तक पहुंच बनाने की रणनीति पर सवाल उठ सकते हैं।
हालांकि, इन नतीजों को वाराणसी लोकसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं के रुझान का सीधा संकेत नहीं माना जा सकता। विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों का मतदाता वर्ग सीमित और विशिष्ट होता है। इन चुनावों में संबंधित श्रेणियों के पंजीकृत मतदाता ही मतदान करते हैं।
