फाजिल्का: जिले के रेलवे अंडरब्रिज के पास उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक पैदल जा रहा युवक पानी की निकासी के लिए बनी करीब 50 फीट गहरी डिग्गी में जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शी रोहित कटारिया के मुताबिक, युवक अंडरब्रिज के पास से पैदल गुजर रहा था। जैसे ही उसका पैर डिग्गी के ढक्कन पर पड़ा, ढक्कन अचानक टूट गया और युवक ढक्कन सहित 50 फीट नीचे जा गिरा। युवक को इतनी गहराई में गिरता देख आसपास के लोग बुरी तरह घबरा गए और तुरंत जीआरपी (GRP) पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही जीआरपी प्रभारी प्रगट सिंह पुलिस टीम के साथ फौरन मौके पर पहुंचे। डिग्गी ज्यादा गहरी होने की वजह से तुरंत फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया।
इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। डिग्गी के अंदर लंबी सीढ़ी उतारकर भारी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
