लुधियानाः एल्डिको चौकी के पास वीरवार तड़के करीब 4 बजे बदमाशों ने एक रेत कारोबारी की कार पर फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले में फिरोजपुर के रहने वाले रेत कारोबारी जसपाल और उनकी बेटी प्रिया गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों को इलाज के लिए लुधियाना के डीएमसी (DMC) अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार कारोबारी अपनी बहन से मिलकर वापस घर लौट रहा था, तभी रास्ते में बदमाशों ने उनकी कार को घेरकर वारदात को अंजाम दिया। जसपाल अपनी बेटी के साथ कार में सवार थे। सुबह 4 बजे के करीब जैसे ही उनकी कार एल्डिको चौकी के पास रुकी तो बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों ने उन पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने कार के आगे से 2 गोलियां चलाईं। पहली गोली सीधे कार के बोनट पर जा लगी। वहीं दूसरी गोली जसपाल की छाती को छूते (रगड़ खाते) हुए उनकी बेटी प्रिया की गर्दन में जा धंसी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि गोली चलाने वाले तीनों आरोपी बाइक पर आए थे। पुलिस अब वारदात स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार आरोपियों की जल्द से जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। वहीं डीएमसी अस्पताल में पिता-पुत्री का इलाज जारी है और पुलिस जल्द ही उनके बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी।
