नई दिल्ली। बॉलीवुड से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. ‘कांटे’, ‘जिंदा’, ‘मुसाफिर’ और ‘शूटआउट एट वडाला’ जैसी धाकड़ एक्शन और क्राइम-थ्रिलर फिल्में बनाने वाले मशहूर फिल्ममेकर संजय गुप्ता का 57 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है. शुक्रवार की रात उनके साथ अपने ही घर में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरी हिंदी सिनेमा इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात संजय गुप्ता अपने घर के बाथरूम में अचानक गिर गए थे. सिर में गंभीर चोट लगने और बहुत ज्यादा खून बह जाने के कारण मौके पर ही उनकी जान चली गई.
बेहद चौंकाने वाली बात यह रही कि पूरी रात उनके परिवार को इस हादसे की भनक तक नहीं लगी. शनिवार की सुबह जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई, तब जाकर इस दुखद घटना का पता चल सका. मुंबई पुलिस का बयान मामले की जानकारी मिलते ही वर्सोवा पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची. मुंबई पुलिस के मुताबिक, फिल्म निर्माता संजय गुप्ता वर्सोवा पुलिस क्षेत्र में स्थित अपने बंगले में अपनी पत्नी, दो बच्चों और मेड के साथ रहते थे. जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे. पुलिस ने बताया कि परिवार ने किसी भी तरह के शक या साजिश से इनकार किया है. फिलहाल शव को पोस्ट-मॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और वर्सोवा पुलिस ने इस मामले में एडीआर (अचानक हुई मौत) दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
