जालंधरः फिल्लौर के भोलेवाल कदीम गांव के पास हाई-वोल्टेज बिजली की तारों के संपर्क में आने से पराली से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में आग लग गई। जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार लाखों रूपये का नुकसान हो गया है। घटना बारे गन्ना गांव के रहने वाले मुहम्मद सादिक के बेटे युकाव अली ने बताया कि पराली से भरी ट्रॉली हाई-वोल्टेज बिजली की तारों के संपर्क में आने से जल गई। ट्रॉली और पराली पूरी तरह से जलकर राख हो गये। पीड़ित के अनुसार, उसे लगभग 4 से 4.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए पीड़ित युकाव अली ने बताया कि वह पराली से भरी ट्रॉली को भोलेवाल कदीम गांव की ओर ले जा रहा था। रास्ते में, नीचे लटक रही हाई-वोल्टेज बिजली की तारों से ट्रॉली पर लदी पराली छू गई, जिससे आग लग गई। देखते ही देखते आग विकराल हो गई और पूरी ट्रॉली जलकर राख हो गई। पीड़ित ने बताया कि ग्रामीणों ने पहले भी बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को नीचे लटकती तारों के बारे में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने बताया कि नीचे लटकती इन तारों की वजह से ट्रॉली जलकर राख होने की यह तीसरी घटना है।
दमकल विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पीड़ित ने बताया कि आग बुझाने के लिए दमकल गाड़ी (फायर टेंडर) को बुलाया गया था, लेकिन वह लगभग एक घंटे की देरी से पहुंची। उन्होंने बताया कि एक दूसरी दमकल गाड़ी भी बुलानी पड़ी क्योंकि पहली गाड़ी का पानी इस्तेमाल नहीं हो सका। तब तक ट्रॉली और पराली पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
पीड़ित ने प्रशासन और बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि उन्हें हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाए और नीचे लटकती बिजली की तारों की ऊंचाई तुरंत बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों और किसी और को ऐसा नुकसान न उठाना पड़े।
