कबाड़ से बनाए आकर्षक माडल
बददी:राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बद्दी में इको क्लब की ओर से पर्यावरण संरक्षण विषय पर प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने बेकार पड़े सामान का पुनः उपयोग करते हुए आकर्षक मॉडल तैयार किए। प्रदर्शनी के माध्यम से बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण और कचरे के बेहतर प्रबंधन का संदेश दिया।
स्कूल की प्रधानाचार्य शालिनी शर्मा ने प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। उन्होंने विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए गए मॉडलों का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता की सराहना की। इको क्लब प्रभारी नीतू बाला ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से पर्यावरण संरक्षण पर आधारित मॉडल तैयार करने का कार्य दिया गया था। विद्यार्थियों ने इस गतिविधि को उत्साह के साथ पूरा किया।
उन्होंने बताया कि मॉडलों को तैयार करने में प्लास्टिक और थर्माकोल का इस्तेमाल नहीं किया गया। विद्यार्थियों ने बेकार वस्तुओं से उपयोगी और आकर्षक मॉडल बनाकर पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। इस मौके पर एसएमसी प्रधान रामू समेत स्कूल के स्टाफ ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों की ओर से तैयार किए गए माडल की तारिफ की गई।
