दुकानदार का आरोप, कई वाहन हो चुके चोरी, नहीं हो पाई रिकवरी
जालंधर, ENS: शहर में चोरी की बढ़ रही वारदातों से लोग परेशान हो गए है। चोरों को पुलिस का कोई खौफ नहीं रहा। ताजा मामला सबसे व्यस्त बाजार में चोरी का सामने आया है। जहां आज सुबह 11.30 बजे अटारी बाजार में दुकान के बाहर से दुकानदार की एक्टिवा लेकर चोर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि जिस जगह चोर ने वारदात को अंजाम दिया, वह सबसे व्यस्त जगह है और वहां लगातार आवाजाही रहती है। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में चोर का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है। दरअसल, एक्टिवा पर सवार होकर 2 चोर आते है।
इस दौरान पीछे बैठा व्यक्ति दुकान के बाहर आकर एक्टिवा से उतर जाता है। जिसके बाद वह सरेआम दुकान के बाहर से एक्टिवा लेकर फरार हो जाता है। पीड़ित दुकानदार ने कहा कि पंज प्यारा गुरुद्वारा साहिब के पास उसकी दुकान है और दुकान के बाहर उसने एक्टिवा नंबर पीबी 08 एफजी 4836 खड़ी की हुई थी। पीड़ित ने कहाकि सोनू की हट्टी के साथ उसकी दुकान है और दुकान के बाहर से चोर एक्टिवा लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
वहीं पुलिस का कहना है कि दुकानदार के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं अन्य व्यक्ति ने कहा कि एक चोर पगड़ी पहने आया और साथी को दुकान के बाहर उतार दिया। जिसके बाद दिन दहाड़े वह एक्टिवा लेकर फरार हो गया। हालांकि दुकानदार उसका पीछा करने के लिए भागा, लेकिन दोनों चोर मौके से फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार बाजार में कई वाहन चोरी हो चुके है, लेकिन आज तक कोई वाहन की बरामदगी नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि बाजार में लगातार चोरी की वारदातों से दुकानदार काफी परेशान है।
