जालंधर, ENS: जालंधर-अमृतसर हाईवे पर सूच्ची पिंड के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां इंडियन ऑयल डिपो के पास ट्राले और पंजाबी सिंगर बूटा मुहम्मद की गाड़ी की टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में गनीमत यह रही कि गाड़ी में बैठा परिवार बाल-बाल बच गया। सड़क पर घटना को लेकर काफी देर तक हंगामा होता दिखा।
वहीं घटना की सूचना लोगों द्वारा थाना रामामंडी की पुलिस को दी गई। जहां दोनों पक्षों के वाहनों को सड़क से किनारे करवाकर ट्रैफिक को सुंचारू ढंग से शुरू किया गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एएसआई सुरजीत सिंह मामले की जांच में जुट गए। एएसआई ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों द्वारा हंगामे के बाद पुलिस ने दोनों को शांत करवाया और मामले को मौके पर सुलझा लिया।
बता दें कि बूटा मोहम्मद का संबंध पंजाब के एक सूफी गायक परिवार से है। उनके पिता स्वर्गीय सरदार मोहम्मद एक जाने-माने गायक और संगीतकार थे। बूटा मोहम्मद ने अपने पिता और चाचा से संगीत की शिक्षा ली। उनका पहला गाना वर्ष 1996 में आया था। उनके लोकप्रिय गानों में ‘झंझरा’ ‘दिल्लगी’ , ‘बोटलां च पानी’ और ‘गाबरू दे मोड्या’ शामिल हैं।
