दक्षिणी नाइजीरिया में सोमवार को एक मिलिट्री एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया। हादसा ओंडो राज्य के इगबोकोडा इलाके में हुआ। विमान में कुल 32 लोग सवार थे, जिनमें 25 पैसेंजर और 7 क्रू मेंबर शामिल थे। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
विमान में 32 लोग थे सवार
नाइजीरिया के एविएशन मिनिस्टर फेस्टस केयामो ने बताया कि विमान एक नियमित मिशन पर था। यह विमान नाइजीरिया के आर्थिक केंद्र लागोस जा रहा था।विमान में 25 यात्री और 7 क्रू मेंबर मौजूद थे। हादसे के बाद अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान में सवार किसी व्यक्ति की मौत हुई है या कोई घायल हुआ है।
एयर फोर्स ने बताया ATR-42 विमान
नाइजीरियाई एयर फोर्स ने हादसे में शामिल विमान की पहचान ATR-42 के रूप में की है। एयर फोर्स के मुताबिक, विमान के क्रैश होने की जानकारी मिलने के तुरंत बाद बचाव दल को घटनास्थल की ओर भेजा गया। फिलहाल यह भी साफ नहीं है कि हादसे में विमान को कितना नुकसान पहुंचा है। राहत और बचाव टीम लगातार स्थिति का पता लगाने में जुटी हुई है।
सुबह करीब 9 बजे रडार से गायब हुआ विमान
एविएशन मिनिस्टर फेस्टस केयामो के मुताबिक, विमान सोमवार सुबह स्थानीय समय के अनुसार करीब 9 बजे रडार से गायब हो गया था। जांच में पता चला कि विमान एडो राज्य से लागोस की ओर जा रहा था। इसी यात्रा के दौरान यह ओंडो राज्य के इगबोकोडा इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे के बाद सर्च और रेस्क्यू टीमों ने इलाके में अभियान शुरू कर दिया है। अधिकारियों की प्राथमिकता विमान में सवार लोगों का पता लगाना और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना है। फिलहाल हादसे में किसी की मौत या घायल होने को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। अधिकारियों की ओर से आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
