वाशिंगटनः अमेरिकी जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) के डायरेक्टर काश पटेल और उनकी लंबे समय से गर्लफ्रेंड रही कंट्री सिंगर व पॉलिटिकल कमेंटेटर एलेक्सिस विल्किन्स ने सगाई कर ली है। दोनों ने रविवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप से आगे बढ़ाने की घोषणा की।
विल्किन्स ने काश पटेल के साथ एक खूबसूरत तस्वीर साझा करते अपनी नई डायमंड रिंग दिखाई और मजाकिया अंदाज में कैप्शन लिखा ‘वेंट एंड गॉट द लॉ इन्वॉल्व्ड’ (Went and got the law involved)
काश पटेल और एलेक्सिस विल्किन्स साल 2023 से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। दोनों की उम्र में करीब 18 साल का फासला है। फरवरी 2025 में जब काश पटेल ने आधिकारिक तौर पर एफबीआई डायरेक्टर पद की शपथ ली थी, उस ऐतिहासिक मौके पर भी विल्किन्स उनके साथ मंच पर मौजूद थी। विल्किन्स ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनका यह रिश्ता काश पटेल के एफबीआई प्रमुख बनने से काफी पहले शुरू हुआ था और उस समय उन्होंने कभी यह कल्पना भी नहीं की थी कि पटेल इस शीर्ष पद तक पहुंचेंगे।
एलेक्सिस विल्किन्स पेशे से एक लोकप्रिय कंट्री सिंगर, सॉन्ग राइटर और राजनीतिक विश्लेषक हैं। बचपन का कुछ समय इंग्लैंड और स्विट्जरलैंड में बिताने के बाद उनका अधिकांश लालन-पालन अमेरिका के अर्कांसस में हुआ। उन्होंने एक पॉडकास्ट में बताया था कि हालांकि उन्हें यूरोप में रहना पसंद था, लेकिन दिल से अर्कांसस उनकी सबसे पसंदीदा जगह रही है। एक ईसाई परिवार में पली-बढ़ीं विल्किन्स अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं।
विल्किन्स ने साल 2020 में टेनेसी स्थित नैशविल की प्रतिष्ठित बेलमोंट यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (BBA) में ग्रेजुएशन पूरा किया। अपनी पढ़ाई के दौरान वे विश्वविद्यालय की एथिक्स डिबेट टीम का सक्रिय हिस्सा थीं। उनके शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘विलियम्स-मरे राइटिंग अवॉर्ड’ और ‘इकोनॉमिक्स क्रिटिकल थिंकिंग अवॉर्ड’ से भी सम्मानित किया गया था।
विल्किन्स लंबे समय से रिकॉर्डिंग आर्टिस्ट और परफॉर्मर के रूप में काम कर रही हैं। अप्रैल 2023 में उन्होंने अपना डेब्यू ईपी एल्बम ‘ग्रिट’ (Grit) रिलीज किया था। संगीत के साथ-साथ वे अमेरिकी रूढ़िवादी राजनीति और सामाजिक मंचों पर भी मुखर रहती हैं। वह नेशनल राइफल एसोसिएशन (NRA) की बोर्ड मेंबर, ‘द अमेरिकन बॉर्डर स्टोरी’ की सलाहकार, ‘टर्निंग पॉइंट यूएसए’ की एंबेसडर और ‘द यूनिटी प्रोजेक्ट’ से जुड़ी हुई हैं।
अपने रिश्ते की शुरुआत के बारे में बात करते विल्किन्स ने बताया था कि काश पटेल से उनकी पहली मुलाकात नैशविल में एक साझा मित्र के घर आयोजित कार्यक्रम में हुई थी। विल्किन्स के मुताबिक, काश पटेल की स्पष्टवादिता और ईमानदारी ने उन्हें पहली नजर में प्रभावित किया था। इसके अलावा देशप्रेम और राष्ट्रीय मुद्दों को लेकर दोनों के विचार काफी मिलते-जुलते हैं, जिसने दोनों के रिश्ते को और मजबूत बनाया।
