लुधियानाः जिले के गोबिंदगढ़ इलाके में स्थित अरुण गैस एजेंसी के गोदाम को निशाना बनाते हुए 3 बदमाशों ने वहां सो रहे परिवार को कथित तौर पर किसी स्प्रे का छिड़काव कर बेसुध कर दिया। इसके बाद आरोपी गोदाम से सिलेंडरों से लदी पिकअप गाड़ी (छोटा हाथी) और 2 बाइक चोरी कर फरार हो गए। वारदात के समय गाड़ी में कुल 54 गैस सिलेंडर लोड थे। इनमें कुछ भरे हुए, जबकि कुछ खाली थे। घटना बीती रात करीब 3:15 बजे की बताई जा रही है। वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गैस एजेंसी के मालिक अरुण गुप्ता ने बताया कि गोबिंदगढ़ इलाके में उनकी गैस एजेंसी का गोदाम है। वहां उनका कर्मचारी धर्मेंद्र अपने परिवार और बहन आरती के साथ रहता है। बीती रात परिवार कमरे में सो रहा था। इसी दौरान करीब 3:15 बजे 3 बदमाश एजेंसी परिसर में दाखिल हुए। आरोप है कि बदमाशों ने धर्मेंद्र के कमरे में किसी स्प्रे का छिड़काव किया, जिससे पूरा परिवार बेसुध हो गया। इसके बाद आरोपी गोदाम से सिलेंडर लदा छोटा हाथी और दो बाइक लेकर फरार हो गए। गाड़ी में 54 गैस सिलेंडर लोड थे। अरुण गुप्ता के मुताबिक, सुबह जब धर्मेंद्र और उसके परिवार की नींद खुली तो गोदाम से छोटा हाथी और दोनों बाइक गायब थीं।
इसके बाद धर्मेंद्र ने तुरंत उन्हें घटना की जानकारी दी। अरुण गुप्ता ने मामले की सूचना संबंधित थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पुलिस ने आरोपियों का सुराग लगाने के लिए जांच की। शुरुआती जांच में पुलिस को कुछ अहम क्लू मिलने की बात भी सामने आई है। वारदात के बाद इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। फुटेज में तीनों बदमाश चोरी की गई गाड़ी और बाइक लेकर जाते दिखाई दिए।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। अरुण गुप्ता ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि अगर शहर में इस तरह बदमाश कारोबारियों के गोदामों को निशाना बनाते रहेंगे तो व्यापारी अपना कारोबार कैसे कर पाएंगे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उधर, इस मामले में ईश्र नगर चौकी के इंचार्ज कपिल शर्मा ने कहा कि फिलहाल मामला संदिग्ध लग रहा है। मामले की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
