चंडीगढ़ः पंजाब में आज तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को पंजाब के कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। 28 और 29 अक्तूबर को भी छिटपुट स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, 26 और 27 अक्तूबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। राज्य के विभिन्न शहरों के अधिकतम तापमान में अंतर देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई।
इसके चलते दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। राज्य में अधिकतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले औसतन 0.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। इसके बावजूद, फरीदकोट में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक था। वहीं बीते दिन शुक्रवार को पंजाब में मौसम शुष्क रहा। सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में किसी भी दर्ज केंद्र पर बारिश नहीं हुई। फरीदकोट के बाद बठिंडा में पारा 33.4 डिग्री, पटियाला में 31.0 डिग्री, लुधियाना में 30.6 डिग्री, मोहाली में 30.6 डिग्री और अमृतसर में 30.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
पठानकोट में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और फिरोजपुर में 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में न्यूनतम तापमान में भी बदलाव देखा गया। पठानकोट में सबसे कम 13.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री और मोहाली में 16.7 डिग्री सेल्सियस रहा। लुधियाना में 16.8 डिग्री और पटियाला में 17.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान पिछले दिन की तुलना में 0.1 डिग्री बढ़ा है। यह सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। दिन के तापमान में गिरावट के बावजूद हल्की गर्मी का असर बना हुआ है। आगामी बारिश से तापमान में और कमी आने की उम्मीद है।