कैथलः गुहला थाना क्षेत्र में अपराधियों की धरपकड़ के दौरान पुलिस और एक आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। बाबकपुर गांव के पास रविवार देर रात घटना में आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के घुटने में लगी। पुलिस ने उसे काबू कर लिया। आरोपी के कब्जे से 32 बोर का अवैध असलहा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीम में एएसआई अजीत सिंह, एएसआई राममेहर, एएसआई अशोक, एएसआई संदीप और सिपाही सरवन कुमार शामिल थे। टीम सरकारी वाहन से गुहला थाना क्षेत्र में अपराधियों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पंजाब के अलीपुर निवासी कृपाल उर्फ बल्लू बाबकपुर से रता खेड़ा जाने वाली सड़क के पास जंगल में मौजूद है। आरोपी चोरी और छीना-झपटी के कई मामलों में वांछित बताया गया है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही आरोपी जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस कर्मचारियों ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की एक गोली एएसआई अजीत सिंह की छाती पर लगी। हालांकि, एएसआई ने बुलेट प्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उनकी जान बच गई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली आरोपी के घुटने में लगी और उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुहला ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे नागरिक अस्पताल कैथल रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और बरामद हथियार के संबंध में भी जांच कर रही है।
