नई दिल्लीः पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने अपनी फिल्म ‘सतलुज’ को लेकर हो रही ऑनलाइन आलोचना और ट्रोलिंग पर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने दिल्ली में अपने ऑरा इंडिया टूर 2026 (Aura India Tour 2026) के पहले कॉन्सर्ट के दौरान मंच से आलोचकों को जवाब देते कहा कि जिस फिल्म का लोग मजाक उड़ा रहे हैं, उसके लिए उन्होंने लंबी लड़ाई लड़ी है।
दिलजीत ने दर्शकों को संबोधित करते कहा कि मैं आप सभी से प्यार करता हूं, क्योंकि मैं एक कलाकार हूं। मैं चुप हूं तो मुझे चुप ही रहने दो। मैं आप सभी का समर्थन करता हूं, लेकिन पंजाबियों को लड़ना मत सिखाओ।
फिल्म का जिक्र करते उन्होंने कहा कि जिस फिल्म का आप मंच पर मजाक उड़ा रहे हैं, जसवंत सिंह खालड़ा की उस फिल्म के लिए हमने लंबे समय तक लड़ाई लड़ी है। मैं आप सभी से प्यार करता हूं। अगर कोई हमसे नफरत करता है तो कोई बात नहीं, लेकिन मैं आप सभी से प्यार करता हूं।
‘सतलुज’ पंजाब के मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन और उनके संघर्ष पर आधारित है। खालड़ा ने 1980 के दशक के आखिरी वर्षों और 1990 के शुरुआती दौर में पंजाब में कथित गैरकानूनी हत्याओं और गुप्त दाह संस्कार के मामलों को उजागर किया था। उस समय पंजाब उग्रवाद और आतंकवाद विरोधी अभियानों के दौर से गुजर रहा था।
वर्ष 1995 में जसवंत सिंह खालड़ा लापता हो गए थे। बाद में सतलुज नदी पर हरिके पुल के पास उनका शव मिला था। आरोप है कि उस समय पंजाब पुलिस के कुछ अधिकारियों के इशारे पर उनका अपहरण किया गया, उन्हें प्रताड़ित किया और उनकी हत्या कर दी गई थी।
दिलजीत दोसांझ अभिनीत फिल्म ‘सतलुज’ का प्रीमियर इस साल 3 जुलाई को ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 पर हुआ था, लेकिन दो दिन बाद ही इसे प्लेटफॉर्म से हटा लिया गया था। इसके बाद से ही फिल्म को लेकर चर्चा और विवाद जारी है।
इस बीच दिलजीत दोसांझ ने अपने RuPay Aura India Tour 2026 की शुरुआत नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित कॉन्सर्ट से की। यह शो पूरी तरह से बुक रहा। इस टूर का सह-निर्माण और प्रचार BookMyShow Live तथा Live Nation कर रहे हैं। अपने अंतरराष्ट्रीय दौरे की सफलता के बाद दिलजीत अब देश के अलग-अलग शहरों में दर्शकों के बीच पहुंचेंगे।
