पटियालाः जिले में कल कोहली ट्रांसपोर्ट के नजदीक प्रॉपर्टी डीलर सुखविंदर सिंह गागू पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सूलर मेन गांव रोड पर मुठभेड़ के दौरान फायरिंग करने वाले दो शूटरों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। दोनों घायलों को उपचार के लिए पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मौके पर पहुंचे पटियाला के एसएसपी हरमन हंस ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शूटर सनी और अश्वनी के रूप में हुई है। दोनों के पैरों में गोलियां लगी हैं।
एसएसपी के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान दोनों शूटरों ने पुलिस पार्टी पर छह गोलियां चलाईं। इसके जवाब में पुलिस ने तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से दो गोलियां शूटरों को लगीं। इसके बाद पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया।
इस मामले में तीसरा आरोपी योगेश नेगी पहले ही घायल अवस्था में राजिंदरा अस्पताल में भर्ती है। उसे कल दो गोलियां लगी थीं। वहीं, इस मामले के मुख्य सरगना रवि माही को संगरूर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर पटियाला लाया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
