पटियालाः पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू आज पटियाला स्थित आरटीओ कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने आम लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने और वाहनों के रूट परमिट हासिल करने में आ रही परेशानियों को लेकर आरटीओ मैडम से मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस देखने को मिली और कार्यालय का माहौल तनावपूर्ण हो गया। मुलाकात के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि उन्हें पिछले काफी समय से लोगों की ओर से आरटीओ कार्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतें मिल रही थीं।
लोगों को अपने ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने और वाहनों के रूट परमिट लेने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आम जनता अपने जायज काम करवाने के लिए परेशान हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इन शिकायतों को आरटीओ के सामने उठाया तो विभाग के भीतर एक पूरा नेक्सस काम करने की बात सामने आई। उनके मुताबिक नेताओं, अधिकारियों और दलालों का यह गठजोड़ आम लोगों के जायज कामों में भी बाधा पैदा कर रहा है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि वह जनता की इन्हीं समस्याओं को लेकर खुद आरटीओ कार्यालय पहुंचे हैं और आगे भी यहां आते रहेंगे। क्योंकि विभाग की कार्यप्रणाली से बड़ी संख्या में लोग परेशान हैं। उन्होंने आरटीओ की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मैडम सप्ताह में केवल दो दिन ही कार्यालय में बैठती हैं, जिसके कारण लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि जनता को सरकारी कार्यालयों में अपने जायज काम करवाने के लिए परेशान नहीं होना चाहिए।
