चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज कहा कि उनकी सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज का ऐतिहासिक 650वां प्रकाश पर्व बेमिसाल श्रद्धा, सम्मान और भव्यता के साथ मनाया जाएगा, जिसके तहत 4 से 6 दिसंबर तक खुरालगढ़ में धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागमों के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।
आज यहां तैयारियों का जायजा लेने के लिए उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि महान गुरु जी की शाश्वत शिक्षाओं और क्रांतिकारी दर्शन को घर-घर पहुंचाने के लिए इस ऐतिहासिक दिवस को राज्य स्तरीय समागम के रूप में मनाया जाएगा।

कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इन समागमों की शुरुआत 4 दिसंबर को श्री अखंड पाठ साहिब के आरंभ से होगी, जिसके बाद श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन और दर्शन को दर्शाने वाली प्रदर्शनी, संत सम्मेलन, कथा और कीर्तन दरबार, 3-डी प्रोजेक्शन, ड्रोन शो और अन्य आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम करवाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आगे घोषणा की कि संत समाज के मार्गदर्शन में वाराणसी, फरीदकोट, बठिंडा और जम्मू से चार विशाल शोभा यात्राएं सजाई जाएंगी। ये धार्मिक यात्राएं 3 दिसंबर को खुरालगढ़ में संपन्न होंगी, जो विभिन्न क्षेत्रों की संगतों को श्रद्धा भावना, भाईचारक साझेदारी और सामाजिक सद्भावना का संदेश देंगी।
