नई दिल्लीः दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (NDR) ने संगठित अपराध सिंडिकेट के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते दो खूंखार शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की ओर से दावा किया है कि इस मुस्तैदी से न केवल दिल्ली के एक बड़े कारोबारी पर होने वाली फायरिंग टल गई, बल्कि मुंबई में एक बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन पर हमले की साजिश भी नाकाम हो गई है। पकड़े गए आरोपियों में से एक पंजाब के चर्चित इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में भी वांछित था।
एसीपी विवेक त्यागी की देखरेख में टीम ने यह ऑपरेशन अंजाम दिया। पुलिस ने सबसे पहले जालंधर निवासी विकास ठाकुर उर्फ विक्की को दिल्ली से दबोचा। वह एक विदेशी गैंगस्टर के इशारे पर दिल्ली के एक स्थानीय कारोबारी से रंगदारी वसूलने के लिए उस पर फायरिंग करने आया था। इस मामले में स्पेशल सेल थाने में आर्म्स एक्ट तहत केस दर्ज किया।
विकास ठाकुर से पूछताछ के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते मुंबई से उसके साथी दीप उर्फ दीपक सिंह निवासी तरनतारन को गिरफ्तार किया। दीपक सिंह को विदेशी गैंगस्टर ने मुंबई में छिपकर एक मशहूर बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन पर फायरिंग करने का टास्क दिया था। 1984 से जुड़ी कथित सिख विरोधी टिप्पणियों को लेकर अभिनेता को निशाना बनाने की योजना थी।
जांच में खुलासा हुआ है कि दीपक सिंह ने 3 अक्टूबर, 2026 को अपने साथी पलविंदर उर्फ काका के साथ मिलकर अमृतसर में इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पलविंदर पहले ही पंजाब पुलिस के हत्थे चढ़ चुका था, जबकि दीपक फरार होकर मुंबई में पनाह लिए हुए था।
