पटियालाः हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को पटियाला पहुंचे। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में कई परिवार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए। खोखरैन बिरादरी के हरिंदर सिंह सबरवाल ने भी अपने समर्थकों सहित भाजपा का दामन थामा। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा की नीतियों और कार्यशैली से प्रभावित होकर लोग लगातार पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता प्रगट सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को बिना आधार के झूठे आरोप नहीं लगाने चाहिए। प्रगट सिंह को राहुल गांधी के साथ बैठकर एसआईआर (SIR) के मुद्दे पर बात करनी चाहिए और बताना चाहिए कि वोट चोरी कैसे हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि कोई पार्टी जनता के लिए काम नहीं करेगी तो लोग उसे वोट नहीं देंगे। ऐसे में जनता द्वारा वोट न देना वोट चोरी कैसे हो सकता है?
इस मौके पर समाना के पूर्व विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा ने भी मौजूदा स्थिति को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब ने देश के लिए हमेशा आगे बढ़कर कुर्बानियां दी हैं और हर संघर्ष में पंजाब के लोगों की अहम भूमिका रही है। लेकिन आज राज्य कई गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है। प्रदेश के हालात से परेशान होकर लोग भाजपा के साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में पंजाब में भाजपा की सरकार बनना समय की जरूरत है।
जोड़ामाजरा ने कहा कि किसी भी राज्य की तरक्की के लिए केंद्र सरकार के साथ बेहतर तालमेल होना जरूरी है। जब केंद्र और पंजाब में एक ही पार्टी की सरकार होगी तो राज्य के विकास को गति मिल सकती है। विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं और विधायकों को टिकट दिए जाने तथा उनके पार्टी छोड़ने की चर्चाओं पर जोड़ामाजरा ने कहा कि जिन लोगों को टिकटें दी गई हैं, उनकी राजनीतिक स्थिति सबके सामने है। कई नेता पार्टी छोड़ने की तैयारी में हैं और कुछ नेताओं के भाजपा के संपर्क में आने की भी उम्मीद है।
वरिष्ठ नेताओं की उम्र और राजनीतिक सक्रियता पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति में सक्रिय रहने की भी एक उम्र होती है। उन्होंने संबंधित वरिष्ठ नेता से सम्मानपूर्वक अपील की कि उम्र के इस पड़ाव पर चुनावी राजनीति को लेकर सोच-समझकर फैसला लें। उन्होंने कहा कि यदि कोई नेता भाजपा में आना चाहता है तो पार्टी और लोग उसका स्वागत करेंगे। उन्होंने पूर्व में अकाली दल से आए नेताओं का उदाहरण देते हुए कहा कि उनका भी स्वागत किया गया था।
जोड़ामाजरा ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन पार्टी से जुड़े नेताओं और उनके परिवारों के दुख-सुख में शामिल होना उनका फर्ज है। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से आम लोगों की मुलाकात की तुलना करते हुए कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री से मिलना आसान है।
