वाराणसीः जिले में भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसीपुर मोहल्ले में देर रात डोसा दुकान में दो युवतियों ने जमकर तोड़फोड़ की। युवतियों द्वारा हंगामा करने और तोड़फोड़ करने का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। दुकानदार बाल मुकुंद पांडेय ने दोनों युवतियों पर दुकान में जबरन घुसकर सामान तोड़ने, कर्मचारियों और ग्राहकों के साथ मारपीट करने तथा गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं दुकान संचालक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात युवतियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
दुकानदार बाल मुकुन्द पांडेय ने पुलिस को बताया कि रात करीब 8 बजे दो युवतियां काले रंग की एक्टिवा स्कूटी से दुकान पर पहुंचीं। आसपास की दुकानों का वीडियो बनाना शुरू किया। आरोप है कि वह अचानक दुकान में घुस गईं और डोसा बनाने का बैटर फेंक दिया। इसके बाद युवतियों ने दुकान में रखे सामान में तोड़फोड़ की और गाली-गलौज करने लगीं। विरोध करने पर उन्होंने सामान फेंककर मारा, जिससे एक कर्मचारी और एक ग्राहक बच्चे को चोटें आईं। युवतियों ने गल्ले में हाथ डालने का भी प्रयास किया। आसपास के लोगों को वीडियो बनाते देख वह मौके से भाग गईं।
जाते समय एक युवती ने खुद को लल्लापुरा निवासी मनोज चौरसिया व ओम प्रकाश चौरसिया की बेटी बताते हुए धमकी दी। यह पूरी घटना दुकान के सीसीटीवी कैमरे और स्थानीय लोगों के मोबाइल फोन में कैद हुई है। सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि वहां कुछ समय के लिए अफरा तफरी मच गई। साथ ही दुकान में बैठी महिलाएं दुकान से निकल भागने लगीं। वहीं एक महिला ने लड़की को रोकना चाहा तो उससे भी तीखी बहस होने लगी। वहीं दूसरी तरफ सीसीटीवी में रिकॉर्ड ऑडियो के अनुसार युवतियों का आरोप है कि उनके पिता को लोगों ने मिलकर मारा है, जिसका वह हिसाब लेने के लिए दुकान पर पहुंची थी। भेलूपुर इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह ने बताया कि पुलिस वाहन नंबर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
