जालंधर, ENS: फिल्लौर स्थित जगतपुर गांव के पास सड़क पर पराली से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में आग लग गई। दरअसल, हाई वोल्टेज बिजली की नीची तारों से टकराने के कारण पराली से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में आग लगी। इस हादसे में पूरी ट्रॉली और पराली जलकर राख हो गई, जिससे करीब 7 लाख रुपये का बड़ा नुकसान हुआ है। दमकल विभाग की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फिल्लौर के पास जगतपुर गांव में आज उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पराली से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में अचानक भयंकर आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि पूरी ट्रॉली जलकर स्वाहा हो गई। पूर्व ब्लॉक समिति सदस्य अमरदीप और फायर ब्रिगेड अधिकारी राजवीर ने घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली जगतपुर गांव से होकर श्मशानघाट रोड की तरफ जा रही थी। सड़क के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली की तारें काफी नीची थीं। पराली की ऊंचाई ज्यादा होने के कारण ट्रॉली तारों की चपेट में आ गई।
बिजली की तारों से उठी चिंगारी से पराली में तुरंत आग लग गई और कुछ ही मिनटों में पूरी ट्रॉली लपटों से घिर गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रॉली के टायर भी धू-धू कर जलने लगे। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। राहत और बचाव कार्य के दौरान हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रॉली को ऊपर उठाने और स्थिति को संभालने का प्रयास भी किया गया। इस घटना में पराली और ट्रॉली पूरी तरह से जलकर नष्ट हो चुके हैं। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस भीषण अग्निकांड में पीड़ित का करीब 7 लाख रुपये का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। गनीमत यह रही कि समय रहते कदम उठाने से कोई बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ।
