नागौरः राजस्थान के नागौर के बड़ली में पटाखों के एक गोदाम में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई। आग लगने के बाद इतना जोरदार धमाका हुआ कि इसकी आवाज दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। राहत और बचाव कार्य के लिए पुलिसकर्मी, दमकल विभाग की गाड़ियां और एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंच गई हैं।
मामले की जानकारी देते सीओ जतिन जैन ने कहा कि जैसा कि आप देख सकते हैं कि यहां एक खुला आंगन है और एक बिजली का खंभा भी मौजूद है। शुरुआती तौर पर हमें शक है कि शॉर्ट सर्किट हुआ होगा, जिससे निकली चिंगारी के कारण धमाका हो गया।
उन्होंने आगे कहा कि इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई है और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस और प्रशासन मौके पर मौजूद हैं और फायर ब्रिगेड को भी बुला लिया गया था। अब आग पर काबू पा लिया गया है।
फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी और मोबाइल क्राइम सीन यूनिट की टीमों को जांच के लिए बुलाया जा रहा है, ताकि आग लगने के असली कारण का पता लगाया जा सके और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
