स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर परिजनों ने उठाए सवाल, विशेष जांच कमेटी की गठित
पंचकूलाः पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित शहीद मेजर अनुज राजपूत राजकीय संस्कृति मॉडल स्कूल में केजी कक्षा की मासूम बच्ची के साथ कथित बेरहमी से मारपीट के मामले में अब परिजनों ने स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का आरोप है कि तीसरी कक्षा का वही छात्र, जिस पर बच्ची के साथ मारपीट करने का आरोप है, उन्हें स्कूल के अंदर घायल और बेसुध पड़ी बच्ची के पास लेकर पहुंचा था। बच्ची के चाचा फाजिल ने बताया कि जब परिजन बच्ची को तलाशते स्कूल पहुंचे तो तीसरी कक्षा का छात्र उन्हें बच्ची के पास लेकर गया।
परिजनों के मुताबिक आरोपी छात्र बच्ची को उसके पिता के बुलाने का बहाना बनाकर स्कूल की पहली मंजिल पर ले गया था, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी। परिजनों का कहना है कि बच्ची को पहले पत्थर से मारा गया और इसके बाद डस्टबिन से भी हमला किया गया।
आरोप है कि बच्ची को काफी देर तक घसीटा भी गया, जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल होकर बेसुध अवस्था में पड़ी मिली। इस पूरे मामले में परिजनों ने स्कूल प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि स्कूल में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग प्रिंसिपल के कार्यालय में होती है तो इतनी गंभीर घटना कैमरों में दिखाई क्यों नहीं दी? उधर, घटना को लेकर शिक्षा विभाग और प्रशासन सख्त हो गया है। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि मामला संज्ञान में आते ही घटना का वीडियो देखा। शिक्षा मंत्री ने माना कि इस वीडियों को देख पाना भी मुश्किल है।
ऐसे में उन्होंने तुरंत अधिकारियों को निर्देश देकर मुख्यालय स्तर पर एक कमेटी गठित करवाई, जो मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि कमेटी की रिपोर्ट आज शाम तक या कल सुबह तक आ सकती है। ऐसे में रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मामले में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। तीसरी के छात्र से हमला करने की वजह को लेकर पूछताछ की जा रही है। स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी की निगरानी और शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर उच्च स्तर पर जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमला करने वाले बच्चे का मानसिक आकलन करवाया जाएगा।
