लुधियानाः पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दावे एक बाद फिर खाकी वर्दी नशे को लेकर चर्चा में आ गई। दरअसल, खन्ना में पुलिस ने सिपाही को नशे के साथ गिरफ्तार किया हैं। बताया गया कि अधिकारियों को पुलिस के कर्मचारी के नशा तस्करों के साथ संबंध होने की सूचना मिली थी पुलिस ने जाल बिछाकर अपने ही सिपाही (कांस्टेबल) को 10 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पकड़ा गया सिपाही अरुण शर्मा खन्ना में ही तैनात है। सामाने आया है कि अरुण शर्मा न केवल खुद लंबे समय से नशे का सेवन कर रहा है, बल्कि हेरोइन बेचने के धंधे में भी संलिप्त है। विभाग ने दोनों कर्मचारियों पर तुरंत कार्रवाई करते हुए सस्पेंड कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि नशे के खिलाफ इस जंग में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा—चाहे वह आम नागरिक हो या खाकी वर्दी पहनने वाला पुलिस कर्मचारी। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा पुलिस अधिकारियों के साथ की गई उच्चस्तरीय बैठक के बाद राज्यभर में नशा तस्करों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी गई है।
आरोपी सिपाही के खिलाफ थाना सिटी-2 खन्ना में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस उसके नशा सप्लाई नेटवर्क तथा बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज की गहनता से जांच कर रही है। वहीं, एक अन्य कार्रवाई में खन्ना पुलिस ने होमगार्ड के जवान प्रिंस को ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में पकड़ा। संदेह होने पर जब उसे सिविल अस्पताल खन्ना ले जाकर उसका डोप टेस्ट कराया गया, तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके तुरंत बाद पुलिस ने होमगार्ड जवान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
