लुधियानाः शहर के लोहारा इलाके स्थित बापू मार्केट करमजीत नगर में देर रात करीब 11 बजे बीच सड़क खड़ी एक बाइक को साइड करने पर बाइक मालिक इस कदर भड़क गया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर जमकर गुंडागर्दी की। आरोपियों ने न सिर्फ मारपीट की बल्कि पीड़ित की गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित आदितीय ने बताया कि वे बीती रात किसी पार्टी से वापस अपने घर लौट रहे थे। जब वे अपनी गली में पहुंचे तो बीच रास्ते में एक बाइक खड़ी थी जिससे रास्ता पूरी तरह ब्लॉक था।
उन्होंने दो बार हॉर्न बजाकर बाइक हटाने का संकेत दिया लेकिन जब काफी देर तक कोई भी अपनी बाइक साइड करने नहीं आया तो पीड़ित के भाई ने खुद गाड़ी से उतरकर उस बाइक को किनारे कर दिया। बाइक को साइड करते ही उसका मालिक वहां आ गया और बिना वजह गालियां देने लगा। जब पीड़ित पक्ष ने इसका विरोध किया तो वह उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर वहां से चला गया। इसके कुछ ही देर बाद आरोपी एक बड़ी गाड़ी में अपने दो अन्य साथियों को लेकर वापस वहां पहुंचा।
आते ही इन लोगों ने गुंडागर्दी करते हुए मारपीट शुरू कर दी और पीड़ित की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। इस पूरी घटना का जो वीडियो सीसीटीवी सामने आया है उसमें साफ नजर आ रहा है कि तीन लोग घर के बाहर खड़े होकर ललकारे मार रहे हैं। वीडियो में आरोपियों के हाथों में हथियार भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। वारदात के तुरंत बाद पीड़ितों ने रात में ही कंगनवाल पुलिस चौकी में मामले की लिखित शिकायत दे दी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने और मामले की गहनता से जांच करने में जुट गई है।
