पंचकूलाः पंचकूला के सकेतड़ी में गांव शुक्रवार तड़के 4 बजे महिलाओं से स्नेचिंग की घटना सामने आई है। दरअसल, घर से दूध लेने गौशाला जा रही महिलाओं को 3 स्नैचरों ने रास्ते में घेरकर उनसे कानों की बालियां छीन ली। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि स्नेचरों द्वारा महिलाओं पर हमला करके उन्हें सड़क पर गिरा दिया। इस दौरान छीन-झपटी में रीता और वीना नामक महिलाओं की स्नैचर बालियां झपटकर फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही मनसा देवी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर आरोपितों की पहचान करने में जुटी है। मनसा देवी थाने के प्रभारी मुनीष शर्मा ने बताया कि रीता और वीना ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह लगभग 4:15 बजे वह घर से दूध लेने के लिए गौशाला जा रही थी।
गौशाला से थोड़ा पीछे पहुंची तभी तीन युवक दौड़ते हुए उनके पास आए और अचानक दोनों को गले से पकड़ लिया। आरोपितों ने महिलाओं को सड़क पर गिराकर उनसे कानों की बालियां छीन ली। सीसीटीवी में दिख रहा है कि शातिर पैदल जा रही दोनों महिलाओं को पीछे से आकर गर्दन से पकड़ते हैं और महज 10 सेकेंड में उनसे कानों की बालियां झपट लेते हैं। दोनों महिलाएं डरी-सहमी कुछ समझ पाती इससे पहले ही तीनों स्नैचर पैदल ही फरार हो जाते हैं।

