अम्ब में पेड़ काटने के विवाद में मारपीट, दो के खिलाफ मामला दर्ज , अवैध खनन पर 5 हजार रुपये जुर्माना
ऊना। जिला ऊना में नशा तस्करी, मारपीट और अवैध खनन के मामलों में पुलिस ने कार्रवाई की है। गगरेट क्षेत्र में एसटीएफ नॉर्थ रेंज कांगड़ा की टीम ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को 49.21 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और 10,200 रुपये नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं, अम्ब के छतेहर बेहड़ में पेड़ काटने को लेकर हुए विवाद में मारपीट के आरोप में दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने अवैध खनन के मामले में एक वाहन का चालान कर 5 हजार रुपये जुर्माना वसूला है।
मोटरसाइकिल सवार दो युवकों से 49.21 ग्राम चिट्टा बरामद
नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 5 नवंबर को सुबह करीब 4:30 बजे शिवबाड़ी चौक, अम्बोटा में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को काबू किया। एसटीएफ नॉर्थ रेंज कांगड़ा की टीम ने एएसआई अंकुश शर्मा के नेतृत्व में दोनों की तलाशी ली। इस दौरान उनके कब्जे से 49.21 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और 10,200 रुपये नकदी बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजन सिंह पुत्र दिलबाग सिंह निवासी बस्ती मनी सिंह बाजरा, लुधियाना (पूर्व), पंजाब और हर्षदीप सिंह पुत्र रणजीत सिंह निवासी गांव मानक, जिला लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मामले की गहनता से जांच की जा रही है। नशे की खेप के स्रोत और इसकी सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं।
पेड़ काटने के विवाद में मारपीट, दो के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस थाना अम्ब के अंतर्गत छतेहर बेहड़ गांव में पेड़ काटने को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। इस मामले में पुलिस ने दो व्यक्तियों के खिलाफ अभियोग दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, धर्मपाल निवासी छतेहर बेहड़ ने 25 अक्टूबर को शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसे सूचना मिली थी कि कमल देव और जीवन कुमार, दोनों पुत्र विष्ण दास निवासी छतेहर बेहड़, डेरा बाबा रुद्रानंद की भूमि पर स्थित एक पेड़ काटने जा रहे हैं। शिकायतकर्ता जब मौके पर पहुंचा तो आरोप है कि दोनों व्यक्तियों ने उसके साथ गाली-गलौच की और मारपीट कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने शिकायतकर्ता का मेडिकल करवाकर एमएलसी प्राप्त की थी। 4 नवंबर को मेडिकल अधिकारी की अंतिम राय मिलने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अवैध खनन पर वाहन का चालान, 5 हजार जुर्माना वसूला जिला पुलिस ऊना ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 नवंबर को एक वाहन का चालान किया। पुलिस ने अवैध खनन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए मौके पर ही मामला निपटाया और 5,000 रुपये जुर्माना वसूल किया।
