ऊना। स्कॉलर्स यूनिफाइड सीनियर सेकेंडरी स्कूल, उना के विद्यार्थी आर्यन साहनी ने हिमाचल प्रदेश राज्य स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। यह प्रतियोगिता 30 अक्टूबर से 2 नवंबर तक बिलासपुर स्थित लुहणू क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में आर्यन साहनी ने अंडर-14 आयु वर्ग के 21 से 23 किलोग्राम भार वर्ग में भाग लिया और उत्कृष्ट खेल कौशल, आत्मविश्वास एवं मेहनत के दम पर कांस्य पदक अपने नाम किया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक धीरज शर्मा ने आर्यन को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष करने की भावना विकसित होती है। उन्होंने आर्यन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रबंधक महोदय धीरज शर्मा ने विद्यालय के ताइक्वांडो प्रशिक्षक मनु के प्रयासों एवं मार्गदर्शन की भी विशेष सराहना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं समस्त स्टाॅफ ने भी आर्यन की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे शुभकामनाएँ दीं।
