बठिंडाः जिले के रामपुरा फूल में बैंक के अंदर ग्राहक की नगदी लेकर आरोपी फरार हो गया। इस घटना को लेकर बैंक में अचानक हड़कंप मच गया। दरअसल, बैंक में पैसे जमा करवाने पहुंचे पंकज गोयल की जेब से एक नाबालिग लड़का 50 हजार रुपये निकालकर फरार हो गया। वारदात बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में नाबालिग की हरकत साफ दिखाई दे रही है। घटना का पता चलने के बाद थाना सिटी रामपुरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
View this post on Instagram
रामपुरा फूल के रहने वाले पंकज गोयल बुधवार को बैंक में 50 हजार रुपए जमा करवाने पहुंचे थे। वह कैश जमा करवाने वाले काउंटर पर खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक नाबालिग लड़का बैंक के अंदर आया और उनके पीछे जाकर खड़ा हो गया। उसने मौका देखकर पंकज की जेब से पैसे निकालने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वह सफल नहीं हो सका।
इसके बाद पंकज दूसरे काउंटर की तरफ चले गए। नाबालिग भी उनके पीछे-पीछे वहां पहुंच गया और दोबारा उनके पीछे खड़ा हो गया। इस बार उसने फिर उनकी जेब में हाथ डालकर पैसे निकालने की कोशिश की और 50 हजार रुपये निकालने में कामयाब हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद नाबालिग बैंक से बाहर निकल गया। पंकज गोयल जब कैश काउंटर पर पैसे जमा करवाने लगे तो उन्होंने अपनी जेब में हाथ डाला। इस दौरान उन्हें पता चला कि जेब में रखे 50 हजार रुपये गायब हैं। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन पैसे नहीं मिले। इसके बाद बैंक प्रबंधन की मदद से सीसीटीवी फुटेज चेक की गई। फुटेज देखने पर चोरी की पूरी घटना सामने आ गई।
मामले की सूचना थाना सिटी रामपुरा पुलिस को दी गई। पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज हासिल कर ली है और पैसे निकालने वाले नाबालिग की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग ने वारदात को अकेले अंजाम दिया या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
