बठिंडाः जिले की भुच्चो मंडी से लहरा बेगा रोड पर स्थित एक गोदाम में खाद और कीटनाशकों के अवैध भंडारण के मामले में फर्टिलाइजर एनफोर्समेंट टीम ने दबिश दी। जहां खाद और कीटनाशकों का संदिग्ध स्टॉक बरामद किया। गोदाम में DAP, TSP, NPK, पोटाश और कीटनाशक दवाइयां मिली हैं। इस मामले में थाना नथाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज करके गोदाम संचालक विशाल गोयल को नामजद किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। संबंधित फर्म का नाम M/s SR गोयल ट्रेडिंग बताया गया है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के फर्टिलाइजर इंस्पेक्टर की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है।
गुप्त सूचना के आधार पर फर्टिलाइजर इंस्पेक्टर सुखप्रीत सिंह ने विभागीय टीम के साथ भुच्चो मंडी से लहरा बेगा रोड पर स्थित एक गोदाम की जांच की। जांच के दौरान गोदाम में संदिग्ध खाद और कीटनाशक दवाइयों का स्टॉक रखा हुआ पाया गया। इसके अलावा विभिन्न कंपनियों के खाद के खाली बैग भी मिले, जिन्हें अधिकारियों ने संदिग्ध बताया। मौके पर मौजूद फर्म के संचालक विशाल गोयल से गोदाम और वहां रखे खाद व कीटनाशकों से संबंधित दस्तावेज, खरीद बिल तथा अन्य रिकॉर्ड मांगे गए लेकिन शिकायत के अनुसार वह संबंधित दस्तावेज पेश नहीं कर सके
। फर्टिलाइजर इंस्पेक्टर ने अपनी शिकायत में बताया कि गोदाम में रखे खाद के नमूने लेकर जांच के लिए संबंधित प्रयोगशाला में भेजे जाने की प्रक्रिया की जानी है, ताकि उनकी गुणवत्ता और वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके। वहीं, कीटनाशक दवाइयों के संबंध में अलग से विभागीय कार्रवाई करने की बात भी कही गई है। शिकायत के आधार पर थाना नथाना पुलिस ने फर्टिलाइजर कंट्रोल ऑर्डर 1985 की धाराओं 7 और 8, आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धाराओं 3 और 7 तथा कीटनाशक अधिनियम 1968 की धारा 29(1)(सी) के तहत एफआईआर नंबर 0275 दर्ज की है। मामले की जांच इंस्पेक्टर जगदीप सिंह को सौंपी गई है। पुलिस द्वारा मामले की आगे जांच की जा रही है। खाद और कीटनाशकों के नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद उनकी गुणवत्ता और नियमों के उल्लंघन से संबंधित स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
