जयपुर। दिवाली का त्योहार यानी खुशियों, रोशनी और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराने का मौका, लेकिन इस बार जयपुर की एक दुकान ने इस परंपरा में लग्जरी का ऐसा तड़का लगाया है कि हर कोई हैरान है। शहर के वैशाली नगर इलाके में मौजूद ‘त्योहार नाम की मिठाई की दुकान ने 24 कैरेट खाने योग्य सोने और चांदी से बनी बेहद खास मिठाइयां बाजार में उतारी हैं। इनकी कीमत 1.11 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक है।
क्या है इस लग्जरी मिठाई की खासियत? इस खास रेंज में ‘स्वर्ण भस्म पाक’ और ‘चांदी भस्म पाक’ जैसी मिठाइयां शामिल हैं। दुकान की सबसे महंगी मिठाई ‘स्वर्ण मिठाई’ है, जिसकी कीमत 1,111 रुपये प्रति पीस है। वहीं, ‘चांदी भस्म भारत’ नाम की मिठाई 1,150 रुपये प्रति पीस मिल रही है। इन मिठाइयों को बनाने में बेहद प्रीमियम और सेहतमंद चीजों का इस्तेमाल किया गया है, इसमें 24 कैरेट खाने योग्य सोना यानी ‘स्वर्ण भस्म’ और चांदी की भस्म मिलाई गई है। ऊपर से इस पर सोने का ऐसा काम किया गया है जिसे एक जैन मंदिर से लिया गया है और यह पूरी तरह क्रुएल्टी-फ्री है।
मिठाई को बेहतरीन स्वाद देने के लिए इसमें केसर और आज के समय के सबसे महंगे ड्राई फ्रूट यानी चिलगोज़े (pine nuts) का इस्तेमाल किया गया है। सोने वाली इन मिठाइयों को आम डिब्बों में नहीं, बल्कि एक खूबसूरत ज्वेलरी बॉक्स (गहनों के डिब्बे) में पैक करके दिया जाता है। इस महंगी और अनोखी पहल के पीछे चार्टर्ड अकाउंटेंट से बिजनेसवुमन बनीं अंजलि जैन का दिमाग है। उन्होंने बताया कि उन्हें यह आइडिया आयुर्वेद और पारंपरिक भारतीय व्यंजनों से मिला। वह कुछ ऐसा तैयार करना चाहती थीं जो लग्जरी होने के साथ-साथ हमारी संस्कृति और परंपरा से भी जुड़ा हो। अंजलि के मुताबिक, “आज यह मिठाई भारत की सबसे महंगी मिठाई है। इसकी कीमत 1,11,000 रुपये प्रति किलो है। इसमें इस्तेमाल की गई स्वर्ण भस्म का संबंध भारतीय आयुर्वेद से है। जो चीज़ हमारी परंपरा को दर्शाती है, वह अपने आप में अनमोल होती है।”
