फिरोजपुरः सेहत सुरक्षा विभाग की ओर से मिल रही शिकायतों के आधार पर आज बर्गर किंग और केएफसी के किचन की जांच की गई। इस दौरान सेहत विभाग की टीम को दोनों में खामियां मिली। बर्गर किंग और केएफसी के किचनों की विशेष जांच के दौरान खाद्य एवं पेय पदार्थ तैयार करने वाले स्थानों पर साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था की गहनता से जांच की गई।
बर्गर किंग में रसोई के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई एवं स्वच्छता से संबंधित कमियां उजागर होने पर संबंधित प्रबंधकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं उसके तहत बनाए गए नियमों के अनुसार कमियों को दूर करने के लिए सुधार नोटिस जारी किया गया।
केएफसी में रसोई के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई एवं स्वच्छता संबंधी शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्था के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत स्वच्छता चालान काटा गया। विभाग ने दोनों संस्थानों के प्रबंधकों को भोजन और पेय पदार्थ तैयार करते समय स्वच्छ कच्चे माल का उपयोग, रसोई और उपकरणों की नियमित सफाई, उचित तापमान पर भोजन का भंडारण और खाद्य संचालकों द्वारा व्यक्तिगत स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ कर दिया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ कोई भी समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राप्त शिकायतों की नियमित रूप से जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
